राजनांदगांव। रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा पटरी पार क्षेत्र स्थित चिखली स्कूल मैदान में राजनांदगांव हॉकी लीग का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता क्षेत्र में छत्तीस वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित की जा रही है। टूर्नामेंट को लीग कम नॉक आउट पद्धति में खेला जाएगा।
प्रतियोगिता में जिले की 10 प्रमुख टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। भाग लेने वाली टीमें में शंकरपुर फाइटर्स, शांति नगर सुरमा, गवर्नमेंट प्रेस टाइटन्स, चिखली ड्रैगन्स, शिवनगर बुल्स, दीनदयाल चैलेंजर्स, रामनगर हीरोज, राइजिंग स्टार्स गौरी नगर, सोलाखोली स्ट्राइकर्स तथा रमन बाजार वॉरियर्स शामिल है।
यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ हॉकी एवं जिला हॉकी संघ, राजनांदगांव के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। इसमें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा- छत्तीस वर्षों के अंतराल के बाद रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा हॉकी लीग का आयोजन इतिहास को दोहराने और गौरव लौटाने का अवसर है। यह आयोजन राजनांदगांव के उभरते खिलाड़ियों को मंच प्रदान करेगा। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे ने जानकारी दी कि टूर्नामेंट का संचालन अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाएगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ हॉकी एवं हॉकी इंडिया के प्रशिक्षित अंपायर्स और अधिकारी नियुक्त किये गये हैं।
रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी द्वारा राजनांदगांव हॉकी लीग का भव्य आगाज
