रायपुर (नांदगाँव टाइम्स) NSUI के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संजीव शुक्ला ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय बैठक पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
शुक्ला ने विभिन्न प्रदेशों से आए ABVP कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ की परंपरा है, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने राज्य शासन और इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय प्रबंधन पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने पूछा कि किस नियम के तहत एक सम्पूर्ण शैक्षणिक संस्थान को किसी छात्र संगठन के राजनीतिक कार्यक्रम हेतु सौंप दिया गया है ?
उन्होंने कहा, “शहर में कई सभागृह और मैदान उपलब्ध हैं। भाजपा के पास खुद का आलीशान विश्रामगृह और कार्यालय भी है। इसके बावजूद एक उच्च शिक्षा संस्थान को राजनीतिक अखाड़ा क्यों बनाया जा रहा है?”
संजीव शुक्ला ने ABVP की मंशा और पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए संगठन से तीन महत्वपूर्ण प्रश्न किए:
1. छत्तीसगढ़ ABVP का वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष कौन है? 2. पिछले 10 वर्षों में ABVP ने छात्रहित में कौन-कौन से पाँच कार्य किए हैं? कृपया सार्वजनिक करें।
3. क्या ABVP छत्तीसगढ़ में छात्र संघ चुनाव का समर्थन करती है? अगर हाँ, तो भाजपा सरकार के खिलाफ छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर कब मोर्चा खोलेगी? कृपया तारीख सार्वजनिक करें।
शुक्ला ने विश्वविद्यालय परिसर में इस प्रकार के आयोजन को शिक्षा के माहौल के लिए हानिकारक बताते हुए इसे “शैक्षणिक संस्थानों की पवित्रता पर हमला” करार दिया। उन्होंने राज्य शासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन से स्पष्ट जवाब मांगा है कि किस नीति या नियम के तहत इस आयोजन को अनुमति दी गई।