सीमा पर शांति की पहल, भारत ने दोहराया सख्त रुख

Share This :

भारत-पाकिस्तान के बीच फायरिंग और सैन्य कार्रवाई रोकने पर बनी सहमति, जयशंकर बोले- आतंकवाद के खिलाफ रुख नहीं बदलेगा

नई दिल्ली (नांदगांव टाइम्स)। भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। दोनों देशों ने सीमा पर फायरिंग और सैन्य कार्रवाई को रोकने पर आपसी समझ बना ली है। इसकी जानकारी शनिवार को भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ट्वीट कर दी।

डॉ. जयशंकर ने लिखा, “भारत और पाकिस्तान ने आज फायरिंग और सैन्य कार्रवाई रोकने पर एक समझ बनाई है। भारत ने हमेशा आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ एक मजबूत और बिना समझौते वाला रुख बनाए रखा है और आगे भी ऐसा करता रहेगा।”

सीमा पर शांति की दिशा में बड़ा कदम

भारत और पाकिस्तान के बीच अक्सर नियंत्रण रेखा (LoC) पर गोलीबारी और सैन्य झड़पों की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में यह समझौता क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिहाज से एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

आतंकवाद पर भारत का सख्त रुख बरकरार

जयशंकर ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत आतंकवाद को लेकर कोई नरमी नहीं बरतेगा। उनका कहना है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति पहले की तरह ही सख्त और अडिग रहेगी।

विशेषज्ञों की नजर में क्या है मायने ?

विदेश मामलों के जानकारों का मानना है कि यह समझौता भले ही सीमित समय के लिए हो, लेकिन यह दोनों देशों के बीच संवाद की संभावना को फिर से खोल सकता है।