रायपुर (नांदगाँव टाइम्स) । मोबाइल और स्क्रीन के दौर में जहां बच्चों की पढ़ने की आदत लगातार कमजोर हो रही है, वहीं सरगुजा जिले के प्रेमनगर विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पीपरडांड ने एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल शुरू की है। अब स्कूल की प्रार्थना सभा में प्रतिदिन अखबार वाचन होगा और छात्र-छात्राएं देश-दुनिया की प्रमुख खबरों से सीधे रूबरू होंगे।

विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की दैनिक दिनचर्या में समाचार पत्र पढ़ने को शामिल कर शिक्षा को किताबों की सीमाओं से बाहर निकालकर जीवन से जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इस नवाचार का उद्देश्य केवल पढ़ने की आदत विकसित करना नहीं, बल्कि बच्चों में सोचने, तर्क करने और सवाल पूछने की क्षमता को भी मजबूत करना है।
सहायक शिक्षक राजेन्द्र जायसवाल के अनुसार बढ़ते मोबाइल उपयोग के कारण बच्चों की पठन संस्कृति प्रभावित हो रही थी, ऐसे में अखबार वाचन एक प्रभावी समाधान बनकर सामने आया है। अब प्रार्थना सभा केवल औपचारिक गतिविधि नहीं रहेगी, बल्कि जागरूकता और ज्ञान की पाठशाला बनेगी, जहां छात्र रोजाना सुर्खियां पढ़कर समसामयिक घटनाओं से अपडेट रहेंगे।
इतना ही नहीं, सप्ताह में एक दिन विद्यार्थियों को संपादकीय विषयों पर मौलिक लेखन और समूह चर्चा के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे बच्चों में अभिव्यक्ति कौशल, संवाद क्षमता और नैतिक मूल्यों का विकास होगा।
