अरुण देव गौतम बने छत्तीसगढ़ के नए डीजीपी

Share This :

1992 बैच के आईपीएस अफसर हैं

रायपुर: (नांदगांव टाइम्स) छत्तीसगढ़ को नया पुलिस महानिदेशक (DGP) मिल गया है। 1992 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी अरुण देव गौतम को प्रदेश का नया डीजीपी नियुक्त किया गया है। कई अधिकारियों के नाम केंद्र सरकार के संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को भेजे गए थे, जिसके बाद उनके नाम पर मुहर लगी।

अरुण देव गौतम इससे पहले राज्य के छह जिलों में पुलिस अधीक्षक (SP) रह चुके हैं। वे अपने शानदार ट्रैक रिकॉर्ड और प्रशासनिक दक्षता के लिए जाने जाते हैं।

सम्मान और उपलब्धियां

अरुण देव गौतम को अपने कर्तव्यनिष्ठ सेवाओं के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्हें संयुक्त राष्ट्र पदक के अलावा वर्ष 2010 में भारतीय पुलिस पदक और 2018 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2002 में संघर्षग्रस्त कोसोवा में सेवा देने के लिए भी उन्हें संयुक्त राष्ट्र पदक मिला था।

अशोक जुनेजा का कार्यकाल पूरा

छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी अशोक जुनेजा का कार्यकाल सोमवार को समाप्त हो गया। वे पहले ही दो बार सेवा विस्तार पा चुके थे। उनके कार्यकाल के बाद अब अरुण देव गौतम को प्रदेश की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नए डीजीपी के रूप में अरुण देव गौतम की नियुक्ति से पुलिस प्रशासन में नए बदलाव की उम्मीद की जा रही है। वे अपने अनुभव और रणनीतिक नेतृत्व से छत्तीसगढ़ पुलिस को नई दिशा देने की कोशिश करेंगे।