अवैध निर्माण को वैध बनाने राजस्व अभिलेखों से छेड़छाड़, कांग्रेस का नगर एवं ग्राम निवेश कार्यालय घेराव

Share This :

राजनांदगांव। अवैध कालोनाइजरों एवं व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स संचालकों को लाभ पहुंचाने के लिए राजस्व अभिलेखों में कथित छेड़छाड़ कर अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किए जाने के विरोध में जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में नगर तथा ग्राम निवेश कार्यालय का घेराव किया।
जितेंद्र मुदलियार ने आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा सुनियोजित षड्यंत्र के तहत पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। नंदई चौक से रानीतराई तक नगर तथा ग्राम निवेश द्वारा 30 मीटर चौड़ाई की सड़क को 45 मीटर दर्शाया जा रहा है, जिससे इस क्षेत्र में व्यापारियों, निवासरत परिवारों को दिक्कत आएगी। भविष्य में कई वैध निर्माण भी अतिक्रमण की श्रेणी में आ जाएंगे। आगे चलकर जब रोड 45 मीटर की कर दी जाएगी, तब आमलोगों को मुआवजा नहीं मिल पायेगा। गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के आशियाने और आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि कि यह पूरा प्रकरण आमजन की जीवनभर की जमा पूंजी और निवेश को जोखिम में डालने वाला है। एक मध्यमवर्गीय या गरीब परिवार कठिन परिश्रम से जमीन का छोटा टुकड़ा खरीदता है, लेकिन इस प्रकार की अनियमितताओं से उनकी संपत्ति पर संकट उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने बताया कि नंदई से रानीतराई तक कई परिवार इस स्थिति से प्रभावित हो सकते हैं।
मुदलियार ने यह भी आरोप लगाया कि नगर में कई अवैध कॉलोनियों एवं व्यावसायिक परियोजनाओं को वैध ठहराने के लिए इसी प्रकार दस्तावेजी कूटरचना की गई है। नगर तथा ग्राम निवेश, राजस्व विभाग एवं नगर निगम की कथित मिलीभगत से अवैध परियोजनाओं को संरक्षण दिया जा रहा है, जिसके कारण आम नागरिकों का शोषण हो रहा है।
कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर आर्थिक एवं प्रशासनिक अपराध बताते हुए इसमें शामिल अधिकारियों एवं संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इस घेराव प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रुपेश दुबे, पूर्व अध्यक्ष रमेश राठौर, पूर्व अध्यक्ष दिनेश शर्मा, पूर्व महापौर सुदेश देशमुख, सचिव प्रदेश कांग्रेस प्रवीण मेश्राम, दक्षिण ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लक्ष्मण साहू, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता इकरामुद्दीन सोलंकी, राकेश जोशी, मामराज अग्रवाल, रूबी गरचा, अशोक फड़णवीस, अशोक पंजवानी, नरेश शर्मा, सूर्यकांत जैन, जयनारायण सिंह, महेंद्र बहादुर, मनीष गौतम, विनय झा, राजिक सोलंकी, देवेश वैष्णव, सूरज शर्मा, महेश यादव, ललित मरकाम, पिंकू खान, शरद खंडेलवाल, अवधेश प्रजापति, रुपेश साहू, शैलेश ठावरे, ललित कुमरे, आशीष साहू, विशु आजमानी, सुरेन्द्र देवांगन, आफताब अहमद, जय जायसवाल, मुस्तुफा जोया, चैतराम साहू सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।