राजनांदगांव। विजयादशमी पर्व पर छत्तीसगढ़ जनमहोत्सव समिति की ओर से इस बार भी म्युनिसिपल स्कूल मैदान में भव्य सांस्कृतिक आयोजन किया जाएगा। समिति की बैठक में इस बार के कार्यक्रम को और प्रभावशाली बनाने पर चर्चा हुई। मुंबई की मशहूर गायिका असीस कौर अपनी शानदार प्रस्तुति के लिए राजनांदगांव पहुंच रही हैं।
समिति अध्यक्ष सौरभ कोठारी ने बताया कि यह आयोजन 18वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाने के लिए इस बार व्यापक तैयारियां की गई हैं। असीस कौर पहली बार यहां लाइव प्रदर्शन करेंगी। वे कपूर एंड संस के हिट गाने “बोलनाश्स” से सुर्ख़ियों में आईं, इसके बाद हिंदी, पंजाबी और हरियाणवी में कई सुपरहिट गाने दे चुकी हैं।
असीस कौर ने पांच साल की उम्र से संगीत की दुनिया में कदम रखा। उनका परिवार गुरबानी और सूफी परंपराओं में संगीत से जुड़ा हुआ है। उन्होंने लंदन के प्रतिष्ठित व्2 एरिना, दुबई एक्सपो और कोकाकोला एरिना में अपने हुनर का जलवा दिखाया है। उनके चर्चित गानों में ‘वेमाही’, ‘आँख लड़ जावे’, ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’, ‘मखना’ और हालिया हिट ‘इश्क में’ शामिल हैं। धार्मिक और भक्ति संगीत में भी उनकी अलग पहचान है।
सौरभ कोठारी ने बताया कि मुंबई के आतिशबाजों की टीम इस बार भी एआई तकनीक से लैस नयनाभिराम आतिशबाजी का प्रदर्शन करेगी। महोत्सव का खास आकर्षण 61 फुट ऊंचा रावण पुतला होगा, जिसे दहन कर विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।
मीडिया प्रभारी विनय बिंदल, अजय सोनी, रघु शर्मा और मुकेश शर्मा के मुताबिक दर्शकों के लिए इस बार भी आमंत्रण पत्र और नि:शुल्क पास वितरित किए जाएंगे। कुर्सियों की संख्या बढ़ाई गई है। ट्रैफिक व्यवस्थाओं के मद्देनजर प्रवेश द्वारों पर गेट नंबर अंकित होंगे। परिवारों के लिए फैमिली पास की व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा के लिए कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।