राजनांदगांव। अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री जितेन्द्र यादव के दिशा-निर्देशों पर आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया।
प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के ग्राम बरनालाकला के नाला किनारे से 80 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब एवं 1000 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त किया गया। इस कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक वृत्त डोंगरगढ़ श्री अनिल कुमार सिंह, आबकारी आरक्षक श्री भोजराज बंजारे, श्री मोहनराव, श्री अश्विनी शुक्ला, श्री रोहित, श्री लोकेश की टीम ने अहम भूमिका निभाई।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने यह भी बताया कि जिले में अवैध शराब के व्यापार पर रोक लगाने के लिए होटल, ढाबों और मदिरा दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। सभी वृत्त प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे होटल-ढाबों की सख्ती से जांच करें और अवैध मदिरा विक्रय करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
आबकारी विभाग का यह कदम जिले में शराब के अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम साबित हो सकता है।
