राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी के महापौर प्रत्याशी मधुसूदन यादव अपने प्रचार के आखिरी दौर में ताबड़तोड़ जनसम्पर्क कर चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे है। बड़े-बुजुर्ग, युवा व महिला सब उनसे स्नेह पूर्वक मुलाकात कर उन्हे कमल फूल छाप का बटन दबाने का आग्रह कर रहे है। उन्हे समाज के हर वर्ग का समर्थन हासिल होते स्पष्ट परिलक्षित हो रहा है। मजदूर क्षेत्र के लोग जहॉ उन्हे अपना बड़ा भाई व संरक्षक मानते है वहीं युवाओं की वो पहली पसंद बन रहे है।
भाजपा मीडिया सेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार श्री यादव ने अपने जनसम्पर्क के दौरान हो रही सभाओं में शहर विकास को लेकर अपनी योजनाओं का खुलासा करते हुये कहा कि यह शहर छत्तीसगढ़ ही नहीं पूरे देश में अनेक विशेषताओं के लिये पहचाना जाता है। कला, क्रीड़ा व साहित्य के क्षेत्र में शहर की विख्यात पहचान रही है। साहित्य मनीषी पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी से लेकर साहित्य मर्मज्ञ पंडित बल्देव प्रसाद मिश्र, आधुनिक कविता के जन्मदाता गजानंद माधव मुक्तिबोध की स्मृति आज भी क्षेत्रवासियों के लिये अमिट छाप है। खेल की दुनिया में शहर का अपना महत्व देखते ही बनता था, पहले भी एवं आज भी हॉकी से लेकर अन्य खेलों में भी राजनांदगांव का नाम ध्रुव तारे की तरह है। कला के क्षेत्र में भी राजनांदगांव की कोई सानी नहीं रहा है। दाऊ मंदराजी, खुमान साव से लेकर गोविन्दराम निर्मलकर तक अनेक ऐसे नाम है जिन्हे कला के क्षेत्र में अमूल्य योगदान है। इसी प्रकार मजदूर आंदोलन के क्षेत्र में भी शहर की अपनी पहचान रही है। अब समय आ गया है कि शहर की इन स्मृतियों को सजाया व संवारा जाए तथा नई प्रतिमाओं को भी उभरने का अवसर मिले यह भी आवश्यक है।
श्री यादव ने कहा कि कभी शहर को छत्तीसगढ़ का पेरिस कहा जाता था, इसे फिर उसकी गौरवशाली पहचान दिलानी होगी। भाजपा नगरीय निकाय के इन चुनाव में शहर के विकास का सम्पूर्ण संकल्प ले रही है, महिला, युवा, छात्र, मजदूर सबके विकास से ही शहर का सर्वागीण विकास होगा। नगर निगम की आय बढ़ाने के लिये समाधान योजना लागू की जायेगी , इस योजना के अन्तर्गत बिना जुर्माना या ब्याज लगाये पुराने बकाया संपत्तिकर को एकमुश्त निपटाया जायेगा। इसी प्रकार स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के लिये नगर निगम क्षेत्र में बर्तन बैंक की स्थापना की जायेगी। महतारी वंदन योजना का लाभ प्राप्त कर रही महिला-बहनों को ढाई लाख रूपये का कर्ज तो दिया ही जायेगा साथ ही मुफ्त प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की जायेगी। सार्वजनिक तालाबों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जायेगा ताकि नागरिकों की निस्तारी के लिये तालाब स्वच्छ हो, उसका निर्मल जल बना रहें।
श्री यादव ने जोर देकर कहा कि उन्हे शहर का इतिहास संजोने व फिर से शहर को आधुनिक शहर बनाकर उसकी महत्वाकांक्षाओ को पूरा करने की फिक्र है। आपका कमल फूल को दिया गया हरेक वोट शहर के उज्जवल भविष्य का निर्माण करेगा। उन्हे जनता का असीम प्यार व दुलार मिलेगा वे जन-विश्वास पर खरा उतरेंगे। श्री यादव कल वार्ड नं. 37 महावीर वार्ड (सदर बाजार-आजाद चौक, गंज लाइन), वार्ड नं. 34 कन्हारपुरी वार्ड, वार्ड नं. 21 रेवाडीह वार्ड, वार्ड नं. 02 महात्मा बुद्ध वार्ड (बजरंगपुर नवागांव) में जनसम्पर्क कर कमल फूल के लिए समर्थन मांगा। इस दौरान पार्षद प्रत्याशी जैनम बैद, रेवती साहू, बीना ध्रुव, सावन वर्मा के साथ ही पार्टी कार्यकर्ता अजीत जैन, मधु बैद, हकीम खान, उत्तम गिड़िया, मनीष गोलछा, सोहन साहू, हेमंत साहू, भानू साहू, उज्जवल कसेर, मनीष जैन, अफजल खान सहित अनेक नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कमल फूल को दिया गया आपका हरेक वोट शहर के उज्जवल भविष्य का निर्माण करेगा : मधुसूदन यादव
