कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने ढाबा, सिंगदई, मोहड़, कन्हारपुरी में एप्रोच रोड तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए भूमि का किया निरीक्षण

Share This :

राजनांदगांव। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज सुबह निगम सीमाक्षेत्र के ग्रामीण वार्ड ढाबा, सिंगदई, मोहड़, कन्हारपुरी का निरीक्षण कर सुगम यातायात के लिए एप्रोच रोड निर्माण हेतु स्थल के अलावा विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर के उद्यानों का जायजा लेकर आवश्यक मरम्मत एवं रखखाव के साथ ही बारिश में पौधरोपण की तैयारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने ग्रामीण वार्ड सिंगदई, मोहड़ एवं कन्हारपुरी पहुंचकर रिक्त शासकीय भूमि का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने वार्डवासियों की मांग पर आवागमन के लिए एप्रोच रोड हेतु स्थल का अवलोकन किया। उन्होंने शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए भूमि का निरीक्षण किया और खसरा, नक्शा तथा निजी भूमि की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि का उपयोग जनहित में करना है। शासकीय भूमि के पास यदि निजी भूमि स्थित है, तो उसकी पूर्ण जानकारी होनी चाहिए। कलेक्टर ने एथलेटिक्स, सिन्थैटिक ट्रेक निर्माण के लिए ढाबा में नगर सेना आफिस के पीछे स्थित शासकीय भूमि का निरीक्षण किया और भूमि स्थिति की जानकारी ली।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने शहर के उद्यानों शिवाजी पार्क, त्रिवेणी परिसर, पुष्पवाटिका, चौपाटी, कृष्ण कुंज, रामकृष्ण नगर, अमृत उद्यान एवं नेहरू पार्क का जायजा लिया। उन्होंने सभी उद्यानों में रखरखाव एवं मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्यान एवं पाथवे का सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्यान में खेल उपकरण के मरम्मत करे तथा विद्युत व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि उद्यान में साफ-सफाई होनी चाहिए। उन्होंने आगामी वर्षा ऋतु में उद्यानों में पौधरोपण की तैयारी करने कहा। उन्होंने कहा कि उद्यान नागरिकों के भ्रमण एवं मनोरंजन का स्थल है, जहां प्राथमिकता से व्यवस्था दुरूस्त करने की जरूरत है। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके व संजय वर्मा, सहायक अभियंता प्रणय मेश्राम, प्रभारी सहायक अभियंता श्रीमती गरिमा वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।