कलेक्टर ने गणतंत्र दिवस की तैयारियों का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Share This :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने गणतंत्र दिवस की तैयारियों के मद्देनजर दिग्विजय स्टेडियम का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए।

उन्होंने दिग्विजय स्टेडियम में ध्वजारोहण स्थल का निरीक्षण किया और समारोह के दौरान बैठने की व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकी आदि की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही कलेक्टर ने पेयजल, साऊंड सिस्टम, मंच संचालन और साज-सज्जा की तैयारियों पर भी नजर रखी।

गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे और विभागों को शासन की फ्लैगशिप योजनाओं एवं नवाचारों पर आधारित झांकी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस बात पर जोर दिया कि सभी विभाग समारोह के लिए आवश्यक तैयारियों को समय रहते सुनिश्चित करें।

इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार वितरण की व्यवस्था करने की बात कही। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र नायक, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, एडीएम राजनांदगांव श्री गौतम पाटिल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।