राजनांदगांव: कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त हर आवेदन का त्वरित और प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिक उम्मीद के साथ जनदर्शन में अपनी समस्याएँ लेकर आते हैं, इसलिए उनकी शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निवारण आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जनदर्शन में अतिक्रमण हटाने, सीमांकन, बंटवारा, नामांतरण, नजूल प्रकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व रिकॉर्ड दुरूस्ती सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन कर शीघ्र निपटान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय भी उपस्थित थे।
