राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत संचालित टीबी मुक्त पंचायत अभियान में शामिल ग्राम पंचायतों के सरपंचों को प्रमाण-पत्र और महात्मा गांधी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया।
कलेक्टर ने छुरिया विकासखंड की ग्राम पंचायत साल्हे, मेटेपार और अरजकुण्ड, डोंगरगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत खम्हेरा, आरगांव और कोटरा, डोंगरगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत पलांदूर, चौथना और ठाकुरटोला, तथा राजनांदगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत अंजोरा, खैरा और मोंहदी के सरपंचों को सम्मानित किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि जिले में वर्ष 2023 से टीबी मुक्त पंचायत अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 2023 में 60, 2024 में 170 और 2025 में 238 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत घोषित किया गया।
डॉ. नवरतन ने बताया कि पहले वर्ष टीबी मुक्त पंचायत को कास्य प्रतिमा, लगातार दो वर्षों तक टीबी मुक्त रहने वाली पंचायत को रजत प्रतिमा, और लगातार तीन वर्षों तक टीबी मुक्त पंचायत को गोल्ड प्रतिमा और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाते हैं। वर्ष 2025 में जिले की 127 पंचायतों को कास्य, 91 पंचायतों को रजत और 20 पंचायतों को गोल्ड प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया।
