राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने जिला पंचायत सभाकक्ष में शिक्षा विभाग के प्राचार्यों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में कलेक्टर ने 10 अप्रैल से विशेष कक्षाएं प्रारंभ करने के संबंध में सुझाव मांगने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आधार अपडेशन कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने, डीपी खाते बंद करने, स्थानीय परीक्षाओं का समय-सीमा में आयोजन और मूल्यांकन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्राचार्यों को नीट, जेईई और एनएमएमएसई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में अधिक से अधिक बच्चों को शामिल कराने और उनका चयन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में प्राचार्यों की सक्रिय भूमिका होती है। उन्होंने टॉपर्स विद्यार्थियों की निरंतर मॉनिटरिंग और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। इसके लिए टॉपर्स के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने और नीट-जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवासीय एवं ऑफलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
बैठक में कलेक्टर ने 8 अप्रैल से ऑनलाइन कोचिंग कक्षाएं प्रारंभ करने, अग्निवीर भर्ती में अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित करने और ऑनलाइन मार्गदर्शन के माध्यम से चयन के प्रयास करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं के बाद कैरियर गाइडेंस देने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अलावा, छठवें सेमेस्टर पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को जून माह से 15 दिवसीय इंटर्नशिप के अंतर्गत विद्यालयों में शिक्षण कार्य का अवसर देने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने संपर्क फाउंडेशन के नवाचार कार्यक्रमों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 8 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री विश्वास कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल, जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
