मोहला। जिले के अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए कांग्रेस द्वारा टिकट काटे जाने से नाराज मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता और जिला अध्यक्ष के पद से पार्टी को इस्तीफा सौंप दिया है। श्री मानिकपुरी ने अपने पत्र में कांग्रेस संगठन में गुटबाजी और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कई नेता भाजपा के साथ मिलकर कांग्रेस को कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार रहते हुए संगठन को मजबूत करने पर ध्यान नहीं दिया गया, जिससे 2023 के चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। ज्ञात हो कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष सहित कांग्रेस पार्टी के अलग-अलग प्रकोष्ठ के 40 पदाधिकारियों ने आज राजनांदगांव में प्रेसवार्ता आयोजित कर अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। इस्तीफे के बाद जिले की राजनीति में हलचल मच गई है।
अनिल मानिकपुरी ने अपना इस्तीफा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के नाम भेजा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिल मानिकपुरी ने राजनांदगांव में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अपने इस्तीफा के माध्यम से कहा है कि उन्होंने बड़े दुखी मन से पार्टी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने वर्ष 1988 से कांग्रेस के छात्र संगठन से जुड़कर अपनी राजनीतिक की शुरूआत की थी और आज नवीन जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद तक की लंबी यात्रा तक 36 वर्षो से कांग्रेस के निष्ठावान समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पार्टी को तन-मन-धन योगदान दिया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिल मानिकपुरी का इस्तीफा, प्रेसवार्ता में लगाए गंभीर आरोप
