किसानों को होली से पहले खुशखबरी, समर्थन मूल्य पर धान बेचने वालों को मिलेगा अंतर की राशि

Share This :

राजनांदगांव। राज्य सरकार ने होली से पहले समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों के लिए बड़ी राहत दी है। मंत्रिपरिषद ने निर्णय लिया है कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल के मान से किसानों को अंतर की राशि एकमुश्त भुगतान की जाएगी। इस खबर से जिले के किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया है।

राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम भंवरमरा के किसान श्री रामावतार सिन्हा ने बताया कि सरकार के इस निर्णय से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया। वहीं, ग्राम मुसराकला के किसान श्री कंवल निर्मलकर ने कहा कि इस साल उन्होंने 28 क्विंटल धान बेचा और सरकार की ओर से खरीदी केन्द्रों में बनाई गई सुव्यवस्था के कारण उन्हें कोई असुविधा नहीं हुई।

किसानों ने बताया कि धान बिक्री की राशि समय पर उनके खातों में प्राप्त हो गई है। श्री कंवल निर्मलकर ने कहा, “होली पर्व से पहले अंतर की राशि मिलने से हम त्यौहार पूरे उत्साह और खुशियों के साथ मना पाएंगे। यह किसानों के लिए खुशी और उत्साह का अवसर है।”

सरकार की इस पहल से जिले के किसानों में आर्थिक सुरक्षा बढ़ी है और होली के त्यौहार पर उनके चेहरों पर हर्ष और रौनक लौट आई है।