राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत विशेष रूप से वृद्ध और शारीरिक रूप से असमर्थ किसानों को चिन्हित किया जा रहा है, जो ई-केवाईसी और आधार सीडिंग न होने के कारण योजना के लाभ से वंचित रह गए थे। कृषि विभाग की टीम उनके घर-घर जाकर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर रही है और किसानों को योजना से जोड़ा जा रहा है।
साथ ही शासन के नवीन निर्देशों के अनुसार सभी किसानों का एग्री-स्टैक पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य किया गया है। अभियान में किसानों का पंजीयन भी तेजी से किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 20 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जिसमें जिले के शत-प्रतिशत पात्र किसानों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान की प्रगति पर नजर डालें तो अब तक 1,07,420 किसानों में से 1,07,229 का ई-केवाईसी, 1,06,744 का आधार सीडिंग और 97,508 किसानों का एग्री-स्टैक पंजीयन पूरा किया जा चुका है।
कृषि विभाग की यह पहल न केवल किसानों को योजनाओं से जोड़ने में सहायक साबित हो रही है, बल्कि उन्हें सरकारी सहायता और लाभ सीधे घर तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम बन रही है।
