राजनांदगांव। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले तीन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
चौकी चिखली क्षेत्र में आदतन बदमाशों द्वारा वाद-विवाद कर कानून-व्यवस्था में हस्तक्षेप करने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नागेश खंदाड़े (22), अरमान डोंगरे (22) और अमित यादव (29) शामिल हैं। इन पर धारा 170, 126 और 135 (3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई और उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने यह स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब, गांजा बिक्री, असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, महिला प्रधान आरक्षक वंदना पटले, ज्योति साहू, आरक्षक आदित्य सोलंकी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी और चौकी चिखली स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले तीन बदमाशों पर प्रतिबंधक कार्रवाई
