राजनांदगांव। ग्राम पंचायत सोमनी के भाजपा समर्थित असंतुष्ट पंचों ने आज प्रेस क्लब में मीडिया के सामने अपनी समस्याओं और आपबीती साझा की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच श्रीमती नीलिमा साहू पंचायत कार्यों में भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही हैं और ग्राम विकास में अनियमितताएँ हो रही हैं।
पंचों ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने हेतु आवेदन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय, राजनांदगांव में प्रस्तुत किया था। आवेदन स्वीकार होने के बाद 20 मार्च को पंचायत में बैठक आयोजित की जानी थी, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि बैठक की तिथि अचानक 25 मार्च कर दी गई है। पंचों ने कहा कि इस बदलाव का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया और पंचों को इसकी पूर्व सूचना भी नहीं दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि 25 मार्च को भी पंचायत में जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं थे और नियुक्त पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर कोई वैकल्पिक अधिकारी नहीं लगाया गया। इस कारण ग्राम में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हुई और सरपंच समर्थकों एवं पंच समर्थकों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। हालांकि पंचों ने स्पष्ट किया कि जिला पंचायत सदस्य श्री अंगेश्वर देशमुख के खिलाफ लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।
पंचों ने बताया कि पंचायत में विकास कार्यों में अनियमितता हो रही है। निर्माण समिति के सदस्यों को निर्णय प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाता और सरपंच द्वारा अपने पति को निर्माण कार्यों में शामिल कराया जाता है। इसके अलावा अनापत्ति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और घरेलू बिजली कनेक्शन जैसे सामान्य कार्यों में भी देरी हो रही है, जिससे ग्रामीण परेशान हैं।
पंचों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत बैठकों में माहौल को प्रभावित करने के लिए कुछ असामाजिक तत्व बुलाए जाते हैं और पंचायत सचिव श्री राजपूत का स्थानांतरण अनियमितताओं के विरोध में किया गया।
प्रेस वार्ता में उपसरपंच श्री विजय सिंह राजपूत एवं सभी पंच संतोष यादव, गजेंद्र बंजारे, प्रताप सिंह नागवंशी, विजय बघेल, रोशन निषाद, भुवन खंडेलवाल, बरखा यादव, कुन्ती खूंटे, श्रीमती केशरी डहेरिया, श्रीमती रेनू गोस्वामी, श्रीमती अनीता साहू, श्रीमती रेखा विश्वकर्मा एवं श्रीमती तीजन बाई निषाद उपस्थित रहे।
पंचों ने स्पष्ट किया कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सरपंच को पद से हटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और किसी भी प्रकार के दबाव या राजनीतिक हस्तक्षेप से पीछे नहीं हटेंगे। उनका उद्देश्य ग्राम पंचायत सोमनी का समुचित विकास और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।
