राजनांदगांव। चिखली से खैरागढ़ तक निर्माणाधीन सड़क परियोजना में ग्रामों के भीतर नाली निर्माण नहीं किए जाने को लेकर क्षेत्रीय जनपद सभापति ओमप्रकाश साहू ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने बताया कि इससे ग्रामीणों में भारी असंतोष देखा जा रहा है।
ओमप्रकाश साहू ने कहा कि तिलई, पदुमतरा, खपरी, चवेली और बोरी समेत अन्य ग्रामों के जनप्रतिनिधियों ने दो महीने पहले ही जिलाधीश को ज्ञापन सौंपकर इस समस्या की ओर ध्यान दिलाया था। इसके बावजूद नाली निर्माण का कोई प्रावधान सड़क परियोजना में नहीं किया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि नाली न होने से वर्षा के मौसम में जलभराव, गंदगी और आवागमन में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिना नाली के सड़क निर्माण अधूरा और अव्यवहारिक होगा।
ओमप्रकाश साहू ने शासन–प्रशासन से आग्रह किया है कि सड़क निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक ग्रामों में नाली निर्माण की स्वीकृति दी जाए और इसे परियोजना का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए।
