चैत्र नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 5 दिन में 2.35 लाख भक्तों ने माथा टेका

Share This :

राजनांदगांव। चैत्र नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दरबार में भक्तों का आस्था का सैलाब लगातार बढ़ रहा है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच सिर्फ पांच दिनों में 2 लाख 35 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन कर माथा टेका।

मंदिर में सीढ़ियों और रोपवे दोनों मार्गों से श्रद्धालुओं की आवाजाही हो रही है। रोपवे में दर्शन के लिए भक्तों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि वी-वीआईपी की आवाजाही के कारण आम भक्तों को कुछ असुविधा भी झेलनी पड़ रही है।

चैत्र नवरात्रि में परंपरागत पूजा-अर्चना और आरती की भी व्यवस्था की गई है। भक्त परिवार के साथ जोत प्रज्ज्वलित करने पहुंच रहे हैं। इस साल देश-विदेश से भी बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए हैं।

शुरुआती दिनों में भीड़ हल्की रही, लेकिन शनिवार और रविवार को भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़े। डोंगरगढ़ के छीरपानी और मेला स्थल पर पूरी रात भक्तों का जमावड़ा लगा रहा।

राजनांदगांव पुलिस ने सुरक्षा के लिए भारी संख्या में जवान तैनात किए हैं। मंदिर परिसर से लेकर मेला स्थल तक श्रद्धालुओं की आस्था की लहर देखी जा रही है।

ट्रेनों में भी भक्तों की संख्या अधिक रही, जिससे लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई। सड़क मार्ग पर सेवा-सत्कार पंडालों में व्यवस्थाओं में कमी और पदयात्रियों की बढ़ती भीड़ को लेकर कुछ स्थानों पर नाराजगी भी देखने को मिली।

बहरहाल, मंदिर ट्रस्ट ने दर्शन व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया है, लेकिन भीड़ प्रबंधन और अनुशासन बनाए रखने में अभी चुनौतियां बनी हुई हैं।