जंगलेसर मौखला एनीकट सुरक्षा को 4.69 करोड़ की मंजूरी

Share This :

रायपुर (नांदगाँव टाइम्स) । राज्य शासन ने राजनांदगांव जिले के विकासखंड राजनांदगांव स्थित जंगलेसर मौखला एनीकट के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में तटबंध संरक्षण (बैंक प्रोटेक्शन) कार्य के लिए 4 करोड़ 69 लाख 99 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से क्षेत्र में बाढ़ और जल कटाव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रस्तावित कार्य के अंतर्गत तटबंध निर्माण एवं सुरक्षा उपाय किए जाएंगे, जिससे एनीकट के निचले हिस्से में जल प्रवाह से होने वाले कटाव को रोका जा सकेगा। इससे आसपास के गांवों की कृषि भूमि तथा जन-धन की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

यह स्वीकृति वित्त एवं योजना विभाग के स्थायी वित्त निर्देशों के तहत गठित समिति की अनुशंसा के बाद विभागीय मंत्री और मुख्यमंत्री के अनुमोदन उपरांत जारी की गई है। शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्य स्वीकृत राशि और तय समय-सीमा के भीतर ही पूर्ण किया जाए।

निर्देशों में तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के बाद पारदर्शी निविदा प्रक्रिया अपनाने तथा कम से कम 75 प्रतिशत बाधारहित भूमि उपलब्ध होने पर ही निविदा आमंत्रित करने की शर्त भी शामिल है। गुणवत्ता, वित्तीय अनुशासन और नियमों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया गया है। अतिरिक्त व्यय की स्थिति में पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा।