जिला जेल के कैदियों का हैंड हैल्ड एक्स-रे मशीन से टीबी जांच अभियान

Share This :

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में निक्षय निरामय पहचान एवं उपचार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला जेल के कैदियों का टीबी जांच अभियान हैंड हैल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से संपन्न किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनआर नवरतन ने बताया कि जिले को सेंट्रल टीबी डिवीजन से प्राप्त हैंड हैल्ड एक्स-रे मशीन के जरिए जिला जेल के 403 कैदियों का एक्स-रे परीक्षण किया जा रहा है। अभियान के पहले दिन 74 कैदियों की जांच की गई।

जिला नोडल अधिकारी डॉ. अल्पना लूनिया ने बताया कि अब तक जिले में 46,671 उच्च जोखिम व्यक्तियों का एक्स-रे और 17,542 व्यक्तियों का नॉट मशीन से परीक्षण किया जा चुका है। राज्य स्तर से राजनांदगांव जिले को दो हैंड हैल्ड एक्स-रे मशीनें प्राप्त हो चुकी हैं, जबकि दो मशीनें और आने वाली हैं। एक मशीन का इंस्टालेशन पूरा हो चुका है। शेष मशीनों के इंस्टालेशन के बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों का परीक्षण रूट चार्ट के अनुसार किया जाएगा।

जिला जेल में कैदियों का एक्स-रे परीक्षण रेडियोग्राफर लखन निषाद, टीबी मितान अपूर्व यादव, गुनेश यादव, जिला कार्यक्रम समन्वयक भूषण साहू, एसटीएस भूपेश साहू और एसटीएलएस सतीश केशरिया की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान जेल के मेडिकल ऑफिसर, फार्मासिस्ट यज्ञदत्त साहू और जेलर उत्तम पटेल भी मौजूद रहे।

अभियान का उद्देश्य टीबी के उच्च जोखिम समूहों में समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना और जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में काम करना है।