मोहला। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर ने ग्राम पंचायत गोटाटोला, मोहभट्टा और शेरपार में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान सीईओ ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महतारी सदन निर्माण, आजीविका डबरी निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन आवासों, स्वच्छता संबंधी कार्यों और आंगनबाड़ी भवन निर्माण की प्रगति का अवलोकन किया गया। श्रीमती चंद्राकर ने कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों से सीधी चर्चा करते हुए उन्होंने आवास निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार पात्र हितग्राहियों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी तरह की देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही, प्रगति पर काम कर रहे आवासों में मनरेगा मजदूरी का नियमित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
आजीविका डबरी निर्माण के कार्यों का निरीक्षण करते हुए श्रीमती चंद्राकर ने तकनीकी मानकों और अभिसरण (कन्वर्जेंस) के तहत कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि संरचनाओं की गुणवत्ता और उपयोगिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूह के नाम, लोकोस आईडी और क्लर्ट जोन का स्पष्ट उल्लेख सूचना पटल पर अनिवार्य रूप से किया जाए, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण, उपयोग और स्वच्छता की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा करने और निर्मित शौचालयों का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता से संचालित करने पर भी जोर दिया।
वर्षा जल संरक्षण एवं जल संचय को बढ़ावा देने के लिए सीईओ ने जल संरक्षण संरचनाओं के प्रभावी निर्माण और रखरखाव की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ग्रामीणों से जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की और ग्राम स्तर पर जल संचय संरचनाओं की नियमित निगरानी तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी, विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक, सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
