जिले की 498 सरकारी राशन दुकानों में उत्साहपूर्वक मनाया गया चावल उत्सव

Share This :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में जिले की सभी 498 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में आज चावल उत्सव का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य पारदर्शिता सुनिश्चित करना और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक खाद्यान्न सुगमता से पहुंचाना था।

चावल उत्सव के दौरान स्थानीय निगरानी समितियों के सदस्यों की उपस्थिति में राशन दुकानों से पात्रतानुसार खाद्यान्न वितरण किया गया।

जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह की 7 तारीख को यह उत्सव अनिवार्य रूप से आयोजित किया जाता है। इस पहल से वितरण प्रणाली में सुधार हुआ है और ग्रामीणों को निश्चित तिथि पर राशन मिलने से उनकी समस्याओं का भी समाधान हो रहा है।

वितरण की प्रक्रिया की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण किया। अंत्योदय और प्राथमिकता वाले राशन कार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण चावल प्रदान किया गया। जिला प्रशासन ने सभी राशन कार्ड धारकों से प्रतिमाह की 7 तारीख को चावल उत्सव का लाभ लेने की अपील की है।