ठेका प्रथा खत्म नहीं तो उग्र आंदोलन, सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम को दी चेतावनी

Share This :

राजनांदगांव। नगर पालिक निगम राजनांदगांव के अंतर्गत कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने ठेका प्रथा के विरोध में कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है।
सफाई कर्मचारी यूनियन संघ के अध्यक्ष संजय गोलू नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय से सफाई कर्मचारियों का कार्य ठेकेदारों के माध्यम से कराया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों का शोषण लगातार बढ़ रहा है। यूनियन के अनुसार, ठेका व्यवस्था के कारण कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, कार्य के बाद भी उन्हें असुरक्षा और नौकरी से निकालने की धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, दुर्व्यवहार और असमान व्यवहार जैसी गंभीर समस्याएं भी सामने आ रही हैं, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। कई बार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा इस ओर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। यूनियन ने आरोप लगाया कि, कुछ अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच मिलीभगत के कारण कर्मचारियों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
सफाई कर्मचारी यूनियन ने स्पष्ट मांग की है कि ठेका प्रथा को तत्काल बंद किया जाए और सफाई कर्मचारियों को सीधे नगर निगम के अधीन नियमित किया जाए। यूनियन ने आंदोलन की चेतावनी देते हुए कहा है कि, यदि जल्द ही ठेका प्रथा समाप्त नहीं की गई, तो सभी सफाई कर्मचारी और यूनियन एकजुट होकर उग्र आंदोलन करेंगे। इतना ही नहीं आवश्यक होने पर काम बंद कर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। यूनियन ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है, ताकि कर्मचारियों के हितों की रक्षा हो सके और शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो।