डोंगरगढ़ मेला : श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सेवा पंडालों में स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी

Share This :

राजनांदगांव। माँ बम्लेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ में 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्रि पर्व के मेले में शामिल होने वाले पदयात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सेवा पंडालों में स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने सेवा पंडालों में आपातकालीन चिकित्सा सेवा, सीपीआर और पर्याप्त मात्रा में ओआरएस व जीवन रक्षक घोल रखने के निर्देश दिए।

नोडल अधिकारी मेला डॉ. बीएल तुलावी ने बताया कि मेला के दौरान 15 एम्बुलेंस और 3 बाइक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। मेले में 23 चिकित्सा अधिकारी, 36 आयुष चिकित्सा अधिकारी, 15 आरएमए, 252 पैरामेडिकल स्टाफ और 114 मितानिन शिफ्टवार ड्यूटी करेंगे। साथ ही 5 दवा वितरण केंद्रों के माध्यम से 24 घंटे दवा वितरण की सुविधा रहेगी।

मेला के दौरान पुराना अस्पताल डोंगरगढ़, छिरपानी अस्पताल और पुराना अस्पताल राजनांदगांव में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 45 निजी अस्पतालों द्वारा 17 स्थानों पर पदयात्रियों एवं दर्शनार्थियों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

इस व्यवस्था से लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिलेगा।