राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशानुसार, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन ने आगामी होली पर्व और बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए थाना बसंतपुर में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की। बैठक में एसडीएम गौतम पाटिल, थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू और क्षेत्र के डीजे संचालक उपस्थित रहे।
बैठक में डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के पालन पर जोर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी कार्यक्रम में साउंड सिस्टम का उपयोग केवल प्रशासन को पूर्व सूचना देकर और निर्धारित ध्वनि सीमा के अनुरूप अनुमति प्राप्त करने के बाद ही किया जा सकता है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम के तहत कार्रवाई की जाएगी और ध्वनि विस्तारक यंत्र जप्त किए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित सभी डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें, ताकि परीक्षा काल और त्योहारों के दौरान आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस प्रशासन का यह कदम शहर में शांति और व्यवस्था बनाए रखने और त्योहारों के दौरान आवाज़ और शोर से उत्पन्न समस्याओं को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।
