रायपुर (नांदगाँव टाइम्स) ।छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) सुश्री कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके खिलाफ मिली शिकायतों की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
जारी आदेश में बताया गया है कि प्रारंभिक जांच के दौरान वित्तीय लेन–देन में गड़बड़ी, कथित व्हाट्सएप चैट के तथ्यों में विरोधाभास, ड्यूटी के दौरान अवैध आर्थिक लाभ लेने तथा पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। इन कृत्यों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम–3 का उल्लंघन माना गया है।
गृह विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम–9 के तहत निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान सुश्री वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर (अटल नगर) निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
सरकार के इस कदम को प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
