रायपुर (नांदगाँव टाइम्स) बस्तर संभाग के बीजापुर और सुकमा जिलों में 51 माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण कर सामान्य जीवन की राह चुन ली है। बीजापुर में 30 और सुकमा में 21 लोगों ने हथियार छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। इन सभी पर कुल मिलाकर करीब 1 करोड़ 61 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले युवाओं को अब पुनर्वास योजना के तहत रोजगार, प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि वे दोबारा हिंसा की राह पर न लौटें और सामान्य जीवन जी सकें। पिछले कुछ समय में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं के विस्तार का असर भी इन इलाकों में देखने को मिल रहा है, जिससे कई युवाओं का रुझान मुख्यधारा की ओर बढ़ा है।
मानना है कि लगातार चल रहे विकास कार्य, सुरक्षा व्यवस्था और पुनर्वास योजनाओं के कारण बस्तर क्षेत्र में माहौल धीरे-धीरे बदल रहा है। आत्मसमर्पण की इस घटना को इलाके में शांति और स्थिरता की दिशा में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
