राजनांदगांव। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बलौदाबाजार के पंडित चक्रपाणि शुक्ल हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय आदान राशि वितरण कार्यक्रम में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 4 लाख 95 हजार 965 हितग्राहियों को 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपए सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किए।
राजनांदगांव जिले के 15 हजार 565 हितग्राहियों को 15 करोड़ 56 लाख 50 हजार रुपए की राशि दी गई। जिले के सभी विकासखंडों में ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए और वर्चुअल माध्यम से जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हितग्राही कार्यक्रम से जुड़े रहे। हितग्राहियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
जनपद पंचायत राजनांदगांव में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, उपाध्यक्ष अनिता सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य देव कुमारी साहू, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, डिप्टी कलेक्टर विश्वास कुमार, सीईओ मनिष साहू, तहसीलदार प्यारेलाल नाग सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
योजना के तहत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपए की वित्तीय सहायता सीधे बैंक खाते में दी जाती है। इसमें भूमिहीन कृषि मजदूरों के अलावा वनोपज संग्राहक, चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी जैसे अन्य पौनी-पसारी से जुड़े परिवार और अनुसूचित क्षेत्रों के आदिवासी पुजारी, बैगा, गुनिया, मांझी परिवार भी शामिल हैं।
