मोहला। जिले में धान खरीदी महाभियान ने इस बार किसानों के चेहरों पर खास चमक ला दी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक खरीदी का प्रावधान होने से किसानों में उत्साह का माहौल है। खरीदी केंद्रों में सुबह से ही किसानों की आवाजाही बढ़ गई है।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सभी 27 धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाइस, पर्याप्त श्रमिकों के साथ धान की गुणवत्ता जांचने के लिए आद्रता मापक यंत्र लगाए गए हैं। खरीदी दर, नियम और केंद्रवार जानकारी भी फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित की गई है, जिससे किसानों को पूरी जानकारी एक ही स्थान पर मिल रही है।
अवैध धान परिवहन और कोचियों–बिचौलियों पर प्रशासन की कड़ी निगरानी जारी है। निर्देशों के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए ‘तुंहर हाथ’ मोबाइल एप पर ही टोकन जारी किए जा रहे हैं, जिससे केंद्रों में भीड़ और प्रतीक्षा समय दोनों कम हुए हैं।
जिले के 43,520 पंजीकृत किसानों से अब तक 1,55,275 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। खरीदी की रफ्तार को देखते हुए आगामी दिनों में यह आंकड़ा और तेजी से बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
