धान खरीदी अभियान से जिले में किसानों में खुशी की लहर, अब तक 949 करोड़ से अधिक का धान खरीदा

Share This :

राजनांदगांव। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में चल रहे धान खरीदी अभियान ने किसानों में खुशी की लहर पैदा कर दी है। शासन द्वारा किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जा रही है और प्रत्येक एकड़ के हिसाब से 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है।

अब तक 949 करोड़ से अधिक मूल्य का धान खरीदी
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशन में जिले के सभी 96 धान खरीदी केन्द्रों पर किसानों से धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। अब तक 76,734 पंजीकृत किसानों से 949 करोड़ 79 लाख 83 हजार रुपए मूल्य का 40,00,589.20 क्विंटल धान खरीदी जा चुकी है। यह आंकड़ा किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है।

धान का उठाव लगातार जारी
धान उपार्जन केन्द्रों से अब तक 9,97,638.80 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है। इस दौरान, पंजीयन, तौल और उठाव की प्रक्रिया को लेकर पूरी व्यवस्था सख्ती से लागू की गई है। सभी केन्द्रों में इलेक्ट्रानिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाइस मशीन और श्रमिकों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, आर्द्रता मापी यंत्र से किसानों के धान का परीक्षण भी किया जा रहा है।

किसान अब आसानी से कर रहे टोकन प्राप्त
किसान अब “तुंहर हाथ” मोबाइल एप के माध्यम से अपना टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उनके समय की बचत हो रही है और उन्हें खरीदी केन्द्रों में अधिक परेशानी नहीं हो रही है।

सख्त निगरानी और अवैध खरीदी पर कड़ी कार्रवाई
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने धान खरीदी केन्द्रों की निगरानी को और सख्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कोचियों और बिचौलियों द्वारा अवैध धान खरीदी पर कड़ी कार्रवाई करने की बात भी कही है। जिले में सभी धान खरीदी केन्द्रों में धान की खरीदी की दर और सूची फ्लैक्स पर प्रदर्शित की गई है, ताकि किसानों को पूरी पारदर्शिता के साथ धान बेचने की सुविधा मिले।

धान खरीदी के इस अभियान से जिले के किसानों को न केवल आर्थिक मदद मिल रही है, बल्कि इससे राज्य सरकार की कृषि नीति की सफलता भी साफ नजर आ रही है।