नगर निगम की सामान्य सभा में 13 विषयों पर चर्चा, 11 सर्वसम्मति से पारित, 2 बहुमत से

Share This :

राजनांदगांव। नगर पालिक निगम की सामान्य सभा की बैठक आज सुबह 11 बजे से निगम के सभागृह में शुरू हुई। बैठक में कुल 13 विषयों पर चर्चा हुई, जिसमें से 11 विषय सर्वसम्मति से और 2 विषय बहुमत से पारित किए गए।

बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत और राज्य गीत से हुई, जिसके बाद एक घंटे का प्रश्नकाल रखा गया। इसके पश्चात, क्रमबद्ध विषयों पर चर्चा हुई और निर्णय लिया गया।

सर्वसम्मति से पारित होने वाले प्रमुख विषयों में लोक सेवा केंद्र से प्राप्त सामाजिक सुरक्षा पेंशन के आवेदन की स्वीकृति, विभिन्न चौराहों के नामकरण, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान, कर्मचारियों को पेट्रोल भत्ता, और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संघ के लिए राशि की स्वीकृति शामिल हैं।

नामकरण प्रस्तावों में कई प्रमुख चौराहों के नाम बदलने का निर्णय लिया गया। इनमें महामाया चौक का नाम बदलकर संत शिरोमणी सेन जी महाराज चौक किया गया। इसके साथ ही कौरिनभाठा चौराहे का नाम चित्रांश चौराहा और सिंधी कालोनी के चौराहे का नाम संत बाबा आसूदाराम मार्ग रखने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

इसके अलावा, नगर निगम कर्मचारियों को पेट्रोल भत्ता देने के विषय में संशोधन प्रस्ताव पारित हुआ। वार्ड प्रभारी को 500 रुपये और सफाई दरोगा एवं स्वच्छता निरीक्षक को 1000 रुपये भत्ता देने का निर्णय लिया गया।

निर्माण कार्यों में भी कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत गंज चौक से कन्हारपुरी तक सड़क चौड़ीकरण और अन्य निर्माण कार्यों के लिए निविदा आमंत्रण की स्वीकृति दी गई। साथ ही नार कन्हैया नाला से जिला अस्पताल तक नाला निर्माण के लिए 350 लाख रुपये की निविदा की पुष्टि की गई।

अंतिम विषय, संपत्तिकर और युक्तिकरण की स्वीकृति से संबंधित था, जिसे बहुमत से पारित किया गया।

बैठक के अंत में, महापौर श्री मधुसूदन यादव ने सभी विषयों पर चर्चा के बाद अंतिम निर्णयों की जानकारी दी। निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिं और पारस वर्मा ने बैठक का सफल संचालन किया। बैठक के समापन के बाद दिवंगत पार्षदों के परिजनों को दो मिनट की मौन श्रद्धांजलि दी गई।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष श्री संतोष पिल्लेसांसद प्रतिनिधि श्री देवशरण सेन, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य, पार्षद, निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, अधिकारी कर्मचारी और पत्रकार बंधु उपस्थित थे।