नगर निगम में महापौर ने किया ध्वजारोहण, गौरव स्थल में की गयी पुष्पांजलि

Share This :

राजनांदगांव। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख द्वारा प्रातः 7.30 बजे नगर निगम केन्द्रीय कार्यालय टाऊनहाल में ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर निगम अध्यक्ष हरिनारायण पप्पू धकेता, नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता एवं पूर्व महापौर अजीत जैन विशेष रूप से उपस्थित थे। महापौर द्वारा निगम पदाधिकारियों की उपस्थिति में गौरव स्थल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित की गयी। इसके पूर्व टाउन हॉल में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
नगर निगम के टाउन हाल सभागृह में आयेाजित समारोह में महापौर श्रीमती देशमुख ने 78वीं स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनांए देते हुए कहा कि यह हमारे देश की आजादी में महात्मा गाधी, सुभाषचंद बोस, चंद्रशेखर आजाद, खुदीराम बोस जैसे अनेकों वीर शहीदों ने महती भूमिका निभायी है। आज हम जिस सुंदर भारत की परिकल्पना करते है, उसकी चर्चा विदेशों में भी होती है। विदेशी भी हमारे देश की खूबसुरती, कलाकृति, संस्कृति का अनुसरण करते है। उन्होंने कहा कि हमारी इन्ही विशेषता को बनाये रखने देश प्रेम की भावना के साथ देश हित में काम करना है।
टाऊन हाल में आयोजित समारोह में महापौर परिषद के प्रभारी सदस्यों सतीश मसीह, संतोष पिल्ले, भागचंद साहू, जिला योजना समिति के सदस्य सिद्धार्थ डोंगरे, अपील समिति के सदस्य श्रीमती मधु बैद, षार्षद कमलेश बंधे, शिव वर्मा, श्रीमती पूर्णिमा नागदेवे, टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, श्रीमती चंद्रकाला देवांगन, राजेश जैन रानू, गप्पू सोनकर, सुश्री मणिभास्कर गुप्ता, विजय राय, पूर्व पार्षद देवशरण सेन व प्रकाश चंद जैन,पूर्व नामांकित पार्षद ऐजाजुल रहमान, पार्षद प्रतिनिधि राजेश यादव की उपस्थिति में महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख ने ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात उपस्थितजनों द्वारा राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। साथ ही महापौर द्वारा निगम पदाधिकारियों की उपस्थिति में गौरव स्थल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित की गयी। उसके पूर्व निगम परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा में माल्यार्पण किया गया।
निगम अध्यक्ष श्री धकेता ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुये कहा कि हमारा भारत देश महान देश है, जिसकी संस्कृति, परंपरा, इतिहास विश्व में प्रसिद्ध है। हमारा देश विविधताओं का देश है, जिसे मजबूत राष्ट्र के रूप में विश्व में स्थान देने हम सबको एकजुट होकर आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि देश भक्ति का मतलब झंडा फहराना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाकर उसकी रक्षा करना है। नेता प्रतिपक्ष श्री यदु ने 78वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुये कहा कि बहुत विषम परिस्थितियों में हमे आजादी मिली और हम हर क्षेत्र मे स्वतंत्र बनकर उन्नति किये, जिसकी परिणति हम चांद पर पहुॅचे। आज हमारा देश विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर है, साथ ही छत्तीसगढ़ भी विकास की ओर अग्रसर है, मैं सभी को पुनः बधाई देता हूॅ।
निगम आयुक्त श्री गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुये कहा कि बहुत संर्घष के बाद वीर शहीदों ने हमे आजादी दिलायी, जिसके कारण आज हम आजाद होकर खुली हवा में सास ले रहे है। उन्होंने कहा कि आज हमे स्वतंत्रता तो मिली है, लेकिन कई मामलों में जैसे जातिवाद, क्षेत्रवाद में आजादी नहीं है। इन सबके लिये हम सबकों मिलकर प्रयास करना है और इन बुराईयों को खत्म करना है और देश हित में काम करना है, तभी हमे पूर्णतः आजादी मिलेगी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सफाई के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। जिसमें राजेश रविन्द्र, कल्याण रामकिशन, सुरेश पूनम, दशरू भारती, निलेश यादव को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके ने एवं संचालन प्र.कार्यालय अधीक्षक अशोक चौबे ने किया। इस अवसर पर उपायुक्त मोबिन अली, सहित सभी विभागों के अधिकारी,कर्मचारी उपस्थित थे।