नववर्ष पर शून्य घटन-शून्य दुर्घटना का संकल्प, पुलिस-पब्लिक सहभागिता से विशेष पहल

Share This :

राजनांदगांव। नववर्ष के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पुलिस राजनांदगांव द्वारा पुलिस जन सहभागिता के तहत शून्य घटना-शून्य दुर्घटना थीम पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
नववर्ष के दौरान पर्यटकों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी कार रेंटल प्रतिष्ठानों, होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को सुरक्षा से जुड़े क्या करें और क्या न करें निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने कार रेंटल प्रतिष्ठानों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किराये पर वाहन देने से पहले ग्राहकों की वैध पहचान और ड्राइविंग लाइसेंस का सत्यापन किया जाए। साथ ही वाहनों के वैध दस्तावे-आरसी, बीमा और पीयूसी अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें। प्रतिदिन किराये पर दिए गए वाहनों की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी को देने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या 112 पर देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसी तरह होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को अपने परिसरों में कार्यशील सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षित पार्किंग, फायर सेफ्टी उपकरण और प्राथमिक उपचार किट रखने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध गतिविधियों, नशाखोरी, हुड़दंग, तेज आवाज और डीजे या लाउड म्यूजिक पर सख्त नियंत्रण रखने के साथ नाबालिगों को शराब या किसी भी नशीले पदार्थ की आपूर्ति पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नववर्ष के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने, निर्देशों की अवहेलना करने या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस राजनांदगांव ने सभी नागरिकों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे पुलिस के साथ सहयोग कर नववर्ष को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और दुर्घटनामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।