पीएम किसान की 22वीं किस्त फरवरी में, ई-केवायसी व आधार सीडिंग कराना जरूरी

Share This :

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को मिलने वाली 22वीं किस्त की राशि फरवरी 2026 में डीबीटी (आधार आधारित भुगतान प्रणाली) के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। योजना के तहत पात्र किसानों को हर तीन माह में 2000 रुपये, इस प्रकार वर्ष में कुल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले में योजना से संबंधित कई प्रकरण अभी लंबित हैं। इनमें ई-केवायसी के 513, भूमि सीडिंग के 87, आधार सीडिंग के 1051 तथा सस्पेक्टेड केस के 1692 प्रकरण शामिल हैं। इन लंबित प्रकरणों के कारण संबंधित किसानों को किस्त का लाभ मिलने में बाधा आ सकती है।

उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे नजदीकी लोक सेवा केंद्र, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा कृषक संगवारी के माध्यम से सस्पेक्टेड केस में लंबित प्रकरणों का भौतिक सत्यापन कराएं। इसके साथ ही पीएम किसान वेबसाइट के फार्मर कॉर्नर में उपलब्ध अपडेट मिसिंग इंफॉर्मेशन विकल्प के जरिए आवश्यक जानकारी अपडेट कर निराकरण कराएं। ई-केवायसी एवं आधार सीडिंग के लिए संबंधित बैंक शाखा से संपर्क करने की भी सलाह दी गई है।

उप संचालक कृषि ने कहा कि समय पर निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण कराने से किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का लाभ सुनिश्चित रूप से प्राप्त कर सकेंगे।