पुलिस ने आईपीएल सट्टा रैकेट का किया भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

Share This :

राजनांदगांव। जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा इन दिनों आईपीएल सीजन में ऑनलाईन सटोरियों के खिलाफ तेजी से अभियान शुरू किया है। अभी तक जिले में बड़ी कार्यवाही करके ऑनलाईन क्रिकेट सट्टा का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस को सूचना मिली थी कि नागपुर (महाराष्ट्र) से एक गिरोह जो राजनंादगांव में क्रिकेट सट्टा का पैर पसारने का शुरूआत कर रहा था, इस बात की भनक पुलिस को लगते ही पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर तेजी से अभियान चलाकर लाखों रूपये नगदी सहित ऑन लाईन सट्टा चलाने वालों को गिरफ्तार किया। वहीं इसकी तह में जाने के लिए पूछताछ शुरू हो गयी है, जिससे की और भी खुलासा होगा। इसके पहले घुमका थाना खैरझिटी में शुरआत हुई, वहीं आज 6 अप्रैल को नगर निगम क्षेत्र के मोहारा वार्ड में एक किसान के खेत के अंदर नागपुर का एक गिरोह आकर शहर के ही नवयुवकों के साथ कई एप्लीकेशन द्वारा ऑनलाईन सट्टा शुरू किया था। बसंतपुर पुलिस को जानकारी लगते ही योजनाबद्ध ढंग से उसे धर दबोचा गया।
थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में मोहरा नाला स्थित फार्महाउस में संचालित हाईटेक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 2 आरोपी फरार हैं।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो की निगरानी में कार्यवाही की गई। टीमों का गठन कर चिन्हित सटोरियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
जांच में पता चला कि आरोपी मोबाइल, लैपटॉप और सॉफ्टवेयर के माध्यम से सांई ऐप पर हर गेंद और ओवर पर सट्टा संचालित कर रहे थे। सट्टा लेखन को कोड भाषा में रखा गया था।
जप्त किए गए सामान में 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 7 मोबाइल फोन, 1 मोटरसाइकिल, 3 चार्जर, नगदी 1,000 रुपये, सट्टा पट्टी में लगभग 9,20,000 रुपये, कुल अनुमानित जप्त राशि लगभग 5,50,000 रुपये शामिल है।
वहीं गिरफ्तार आरोपियों में वीरू प्रजापति (24), निवासी-मोहारा, रूपेश पाण्डे (43), निवासी-प्रभातनगर, आयुष मेश्राम (24), निवासी-बंगाली चाल, मोहित देवांगन (23), निवासी-मोहारा, लक्की देवांगन उर्फ नरेन्द्र देवांगन (32), निवासी मोहारा शामिल है। वहीं फरार आरोपियों में मूलचंद देवांगन, निवासी-मोहारा एवं सादिक खान, निवासी-नागपुर शामिल है।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022, आईपीसी की धारा 318 (4) एवं 112 (संगठित अपराध) और आईटी एक्ट की धारा 66 (डी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
राजनांदगांव पुलिस ने चेतावनी दी है कि विभिन्न स्रोतों से प्राप्त नामजद सटोरियों की सूची के आधार पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्यवाही में साइबर सेल से निरीक्षक विनय परमार, उप निरीक्षक नरेश बंजारे, आरक्षक मनीष वर्मा, जीवन ठाकुर, हरिश ठाकुर, धीरज डड़सेना, मोहन साहू एवं थाना बसंतपुर से निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक नरेश सार्वा, आरक्षक रूपेन्द्र वर्मा, राजेश बंदेश्वर, आशीष मानिकपुरी की सराहनीय भूमिका रही।