राजनांदगांव। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 26 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की है। आरोपियों के पास से एक टाटा ट्रक वाहन (कीमत 20 लाख रुपये), 12 दुधारू गाय और 8 बछड़े (कीमत 6 लाख रुपये) बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। 21 फरवरी 2026 की रात को सीआईटी बाईपास पर एक वाहन द्वारा कार को टक्कर मारे जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो उसमें 12 गाय और 10 बछड़े फंसे हुए थे, जिनमें से दो बछड़ों की मृत्यु हो चुकी थी।
गाड़ी के चालक महेश कुमार यादव ने बताया कि वह उड़ीसा के चिपलिमा गौशाला से 12 गाय लेकर नागपुर के कलमना में छोड़ने जा रहा था। दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन उसने अधूरे दस्तावेज पेश किए। पुलिस ने पाया कि मवेशियों को अत्यधिक संख्या में वाहन में लादा गया था, जिससे उन्हें उचित स्थान नहीं मिल पाया और उनके साथ क्रूरता की गई, जिसके कारण दो बछड़ों की मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में वाहन को जब्त करते हुए मवेशियों को गौशाला में इलाज के लिए भेजा और आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों में महेश यादव (29 वर्ष), अज्जू खान (30 वर्ष), प्रकाश दम्बारे (28 वर्ष) और सुभाष यादव (38 वर्ष) शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने मवेशी तस्करी में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार, 26 लाख रुपये की संपत्ति जप्त
