मोहला। पश्चिम मध्य एशिया में युद्ध की स्थिति को देखते हुए राज्य शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय कदम उठा रहा है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने सोमवार को पेट्रोल पंप संचालकों और एलपीजी वितरकों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी उत्पाद निर्धारित दरों पर ही बेचे जाएं।
कलेक्टर ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न किया जाए। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या अन्य किसी भी तरह का दुरुपयोग पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी या किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने बताया कि वर्तमान में उपभोक्ताओं को शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर दूसरा गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। सभी गैस एजेंसियों में इसकी जानकारी सूचना पटल पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में केवल अधिकृत स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें।
शिकायत करने के लिए हेल्पलाइन नंबर:
राज्य हेल्पलाइन: 1800 233 3663
जिला हेल्पलाइन: 07747 299613
जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता बनी हुई है।
