राजनांदगांव। किसी भी राष्ट्र, प्रदेश, जिला अथवा गांव की प्रगति का मापदंड सिर्फ शिक्षा एवं स्वास्थ्य की मूलभूत सुविधा होती है। इसी पैमाने पर खरा उतरते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिये एक तरफ स्वास्थ्य एवं शिक्षा के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की अभूतपूर्व संभावनाएं व योजनाएं बजट में प्रस्तुत की हैं, दूसरी तरफ संकल्प थीम पर आधारित इस बजट में संतुलित क्षेत्रिय समाजिक आर्थिक विकास हेतु समावेशी विकास की नीति, अधोसंरचना विकास, वित्तीय निवेश आकृष्ट करने हेतु इकोसिस्टम बनाना, कुशल मानव संसाधन प्रबंधन, अंत्योदय अर्थात समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को प्राथमिकता, जीविकोपार्जन हेतु अवसर निर्माण एवं नीति निर्धारण से परिणाम प्राप्ति पर ध्यान केन्दि्रत किया गया है।
उक्त उद्गार व्यक्त करते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने बजट की प्रशंसा की है। महापौर ने बजट को प्रगतिशील एवं विकासपूरक बताते हुए कहा है कि इस बजट से प्रदेश समृद्ध एवं खुशहाल बनेगा।
सिंचाई के क्षेत्र में राजनांदगॉव जिले में कई उल्लेखनीय प्रावधान किये गये हैं, जिनका महापौर ने स्वागत किया है। मोहारा एनिकट में पेयजल उपलब्धता हेतु चौकी एनिकट से मोहारा तक पाईप लाईन के माध्यम से पेयजल योजना हेतु 5 करोड़ रूपये का प्रावधान, मोहारा एनिकट में जल भराव क्षमता वृद्धि हेतु एनिकट की ऊंचाई बढ़ाने हेतु 4.5 करोड़ रूपये का प्रावधान, बॉकल शिवनाथ नदी पर स्टापडेम हेतु 5 करोड़ का प्रावधानए, पार्रीकला एनिकट कम कॉजवे निर्माण हेतु 5 करोड़ का प्रावधान, भर्रेगॉव एवं धामनसरा में शिवनाथ नदी तट संरक्षण कार्य हेतु 5-5 करोड़ का बजट प्रावधान सहित राजनांदगांव जिले में कुल 254.50 करोड़ रूपये का बजट प्रावधान कर पेजजल एवं सिंचाई हेतु जल उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास, पर्यटन, सिंचाई, उच्च शिक्षा, रोजगारमूलक योजनाओं पर साय सरकार एवं वित्त मंत्री द्वारा किये गये केन्दि्रत प्रयासों का उल्लेख करते हुए महापौर ने कहा कि नक्सलवाद समाप्ति के साथ बस्तर में पर्यटन, मेडिकल कॉलेज, सिंचाई एवं रोजगारमूलक शिक्षा की योजनाएॅ एवं भारी भरकम बजट लाने से आदिवासी युवक-युवतियों को ना सिर्फ प्रदेश वरन राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।
बस्तर एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की बजट राशि 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ करना, मनेन्द्रगढ़ एवं दंतेवाड़ा जैसे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज खोलना, पर्यटन के क्षेत्र में होमस्टे, बस्तर में 32 हजार हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई की सुविधाएॅ बढ़ाना, उल्लेखनीय योजनाएं है। मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री दु्रतगामी सड़क संपर्क योजना, स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना, 23 नये इंड्सट्रीयल पार्क, सिरपुर विकास योजना, शासकीय सेवकों के लिये कैशलेस मेडिकल सेवायें, भूमि बैंक विकास योजना आदि पर किये गये विशेष प्रावधानों को महापौर ने सराहनीय एवं स्वागतेय बताया है, जिससे विकसित छत्तीसगढ़ राज्य की ओर हम अग्रसर होंगे।
पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने कहा कि यह बजट वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास को गति देने वाला है, जो विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को और मजबूत करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ के भविष्य को उज्जवल और सशक्त बनाने वाला है।
प्रगतिशील एवं विकासपूरक बजट से छत्तीसगढ़ बनेगा समृद्ध एवं खुशहाल : मधुसूदन यादव
