राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा का लाभ अब जिले में भी तेजी से फैल रहा है। इस योजना का फायदा लेते हुए जनपद पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर ने अपने निवास ग्राम पार्रीकला में 3 किलो वॉट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित किया है, जिसका उन्हें भरपूर लाभ मिल रहा है।
1 लाख 8 हजार की सब्सिडी से हुआ सोलर पैनल का स्थापना
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत श्रीमती चंद्राकर को केन्द्र सरकार से 78 हजार रुपए की सब्सिडी और राज्य सरकार से 30 हजार रुपए की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे उनका सोलर पैनल लगवाना संभव हो सका।
सोलर पैनल से बिजली बिल हुआ शून्य, मिल रही राहत
श्रीमती चंद्राकर ने बताया कि सोलर पैनल लगाने से उनके घर का बिजली बिल अब शून्य हो गया है। इसके साथ ही उन्हें अपनी बिजली की खपत से संबंधित किसी भी तरह की चिंता नहीं रही। सौर ऊर्जा से प्राप्त बिजली न केवल आर्थिक दृष्टि से लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी अनुकूल है।
योजना से बढ़ावा मिल रहा है सौर ऊर्जा का
श्रीमती चंद्राकर ने इस योजना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि प्राकृतिक ऊर्जा का उपयोग बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे भी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाएं और अपने घरों में सोलर पैनल स्थापित कर बिजली बिल में राहत और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।
