प्रीमियम नहीं चुकाने पर निगम की सख्ती, हाईटेक बस स्टैंड की 7 दुकानों पर ताला

Share This :

राजनांदगांव। वित्तीय वर्ष की समाप्ति को देखते हुए नगर निगम ने राजस्व वसूली में सख्ती बढ़ा दी है। बकाया प्रीमियम और किराया नहीं चुकाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगम ने जेल रोड स्थित हाईटेक बस स्टैंड की 7 दुकानों में ताला जड़ दिया। वहीं, बड़े बकायादारों को संपत्तिकर, जलकर और समेकित कर जमा करने के लिए नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं।

निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर राजस्व विभाग द्वारा प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है। राजस्व अधिकारी श्री राजेश तिवारी के नेतृत्व में टीम बकायादारों को नोटिस जारी कर भुगतान नहीं होने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में आज हाईटेक बस स्टैंड जेल रोड की दुकानों में कार्रवाई की गई।

एक दुकानदार ने जमा किया प्रीमियम, बाकी पर ताला
कार्रवाई के दौरान दुकान क्रमांक 1 के आबंटी श्री मनीष कुमार बाफना ने 5 लाख 14 हजार रुपए की प्रीमियम राशि जमा की और 6 लाख रुपए का चेक आगामी तिथि का दिया। वहीं शेष दुकानदारों द्वारा प्रीमियम राशि जमा नहीं करने पर निगम ने 7 दुकानों में ताला जड़ दिया।

जिन दुकानों पर कार्रवाई हुई, उनमें दुकान क्रमांक जी-2 (आबंटी श्री भावेश अग्रवाल) पर 11 लाख 38 हजार 757 रुपए, जी-3 (श्री प्रकाश राठौड़) पर 13 लाख 39 हजार 206 रुपए, जी-7 (श्रीमती मीना राठौड़) पर 13 लाख 39 हजार 206 रुपए, जी-8 (दादा ब्रदर्स) पर 13 लाख 40 हजार 206 रुपए, जी-9 (श्री भावेश अग्रवाल) पर 11 लाख 40 हजार 757 रुपए और जी-10 (दादा ब्रदर्स) पर 13 लाख 47 हजार 206 रुपए का प्रीमियम बकाया था।

शत-प्रतिशत वसूली का लक्ष्य
निगम आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बताया कि शासन के लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित की जानी है। करदाताओं से अपील की जा रही है कि वे समय पर बकाया कर और किराया जमा करें, ताकि अधिभार और निगमीय कार्रवाई से बचा जा सके।

कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी श्री राजेश तिवारी, राजस्व निरीक्षक श्री हितेश ठाकुर, राजस्व उप निरीक्षक श्री रविंद्र ठाकुर, श्री राजकुमार बंजारे सहित राजस्व अमला मौजूद रहा।