फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़, थाना बसंतपुर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Share This :

राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने “लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” संचालित कर युवकों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवतियों के फोटो डाउनलोड कर फर्जी आईडी बनाकर युवकों को व्हाट्सएप पर भेजा और रजिस्ट्रेशन, पैकेज व फैमिली मीटिंग के नाम पर लाखों रुपये हड़पे।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा को मिली सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर व नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू की अगुवाई में टीम ने सृष्टि कॉलोनी स्थित कार्यालय से 7 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 की-पैड मोबाइल और 9 रजिस्टर/कॉपी बरामद किए। जांच में 2286 युवतियों के फोटो फर्जी प्रोफाइल बनाने के लिए उपयोग किए जा रहे पाए गए।

आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे युवकों से 30 से 40 हजार रुपये तक वसूलते थे। बैंक स्टेटमेंट में पिछले एक वर्ष में कुल ₹37,69,000/- का लेन-देन पाया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

नेहा पाठक, 23 वर्ष, निवासी लेबर कॉलोनी, राजनांदगांव।

धर्मेन्द्र मानिकपुरी, 32 वर्ष, निवासी ग्राम जंगलपुर, पंडातराई, वर्तमान रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी, राजनांदगांव।

अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण में अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।

सराहनीय भूमिका: इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक देवदास भारती, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, महिला प्रधान आरक्षक मेनका साहू, सीमा जैन, आरक्षक प्रवीण मेश्राम, कुश बघेल, अतहर अली और आशीष मानिकपुरी की भूमिका सराहनीय रही।

पुलिस की अपील: नागरिकों से अनुरोध है कि किसी भी ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो या सोशल मीडिया/व्हाट्सएप पर मिलने वाले विवाह प्रस्ताव पर बिना सत्यापन के पैसे न दें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना को दें।