रायपुर/जशपुर (नांदगाँव टाइम्स) । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपना 62वां जन्मदिवस जशपुर के बगिया स्थित बालक आश्रम में बच्चों के बीच सादगी और आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर झलकती खुशी ही उनके जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार बन गई।
जैसे ही मुख्यमंत्री आश्रम परिसर पहुँचे, बच्चों में उत्साह की लहर दौड़ गई। बच्चे दौड़कर उनके पास पहुंचे और कुछ ही क्षणों में पूरा माहौल पारिवारिक मिलन जैसा हो गया। उस समय मुख्यमंत्री किसी पद पर आसीन व्यक्ति नहीं, बल्कि बच्चों के स्नेही अभिभावक के रूप में उनके बीच नजर आए।

मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा, उन्हें अपने हाथों से केक और चॉकलेट खिलाई तथा सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों से उनके नाम, पढ़ाई और भविष्य के सपनों के बारे में चर्चा की और मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।उन्होंने कहा, “आप सब बच्चों की मुस्कान ही मेरे जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है। बड़े सपने देखिए और आगे बढ़कर अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन कीजिए।”
मुख्यमंत्री के इन स्नेहपूर्ण शब्दों ने बच्चों के मन में आत्मविश्वास और अपनत्व की भावना जगाई। बच्चों की चमकती आँखें और खिलखिलाहट इस विशेष पल की साक्षी बनीं।उल्लेखनीय है कि बगिया स्थित बालक आश्रम में कक्षा पहली से पाँचवीं तक के छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश बच्चे आदिवासी समुदाय से हैं। मुख्यमंत्री का उनके बीच पहुंचकर जन्मदिन मनाना बच्चों के लिए प्रेरणा और गौरव का विशेष क्षण बन गया।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं आश्रम स्टाफ उपस्थित रहे।
