महाशिवरात्रि पर कोसमनारा पहुंचे मुख्यमंत्री, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर (नांदगांव टाइम्स) । महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ धाम पहुंचे और भगवान भोलेनाथ व श्री सत्यनारायण बाबा से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। प्रस्तावित कार्यों में मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श सहित शेड निर्माण, आगंतुकों के विश्राम व भोजन के लिए शेड, शौचालय परिसर का निर्माण तथा पार्किंग क्षेत्र के लिए सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिलेगी और धाम की गरिमा भी बढ़ेगी।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कोसमनारा स्थित बाबा धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा और आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है।
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में भक्त यहां श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा एवं भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय जनश्रुति के अनुसार बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं तथा वर्ष 2003 में उन्हें ‘श्री श्री 108’ की उपाधि प्राप्त हुई, जिसके बाद धाम की ख्याति और बढ़ी। बताया जाता है कि बाबा ने पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित किया और उसी स्थान को अपनी तपोभूमि बनाया। वर्षा, ग्रीष्म और शीत—तीनों ऋतुओं में खुले स्थान पर साधना करना उनकी तपस्या की विशेष पहचान मानी जाती है।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
