खैरागढ़। जिले में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। केसीजी पुलिस टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम की धारा 4 और 15 के तहत प्रकरण दर्ज किया। आरोपियों से डीजे साउंड सिस्टम सहित तीन वाहन जब्त किए गए हैं। सभी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार 11 फरवरी 2026 को थाना छुईखदान क्षेत्र में चन्द्रशेखर विदान (35), निवासी खैरागढ़, के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 01/2026 दर्ज कर डीजे साउंड सिस्टम और एक डीआई वाहन जब्त किया गया।
इसके बाद 18 फरवरी 2026 को भुलाटोला, थाना छुईखदान निवासी भोला जंघेल (22) के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 02/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए डीजे साउंड सिस्टम और पिकअप वाहन जब्त किया गया।
इसी दिन थाना गंडई क्षेत्र में विशाल नारबोदे (23), निवासी टेमनी, थाना लांजी, जिला बालाघाट (मप्र) के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 01/2026 दर्ज कर डीजे साउंड सिस्टम और आईचर वाहन जब्त किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए कोलाहल फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
