राजनांदगांव। डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत आरी में मनरेगा कार्यस्थल पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ग्रामीण पालकों को विभिन्न सामाजिक और पारिवारिक मुद्दों पर जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक और सार्वजनिक संवाद का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अच्छे पालन-पोषण और सकारात्मक शिक्षा के महत्व को ग्रामीणों तक पहुंचाना था। स्वयंसेवकों ने किशोरों के पोषण, बाल विवाह की रोकथाम, साइबर अपराध से बचाव और बच्चों में गुणों तथा शिक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणाम, संतुलित पोषण के महत्व, साइबर सुरक्षा और बच्चों में बाहरी रूप-रंग की बजाय गुण, शिक्षा और संस्कार को महत्व देने के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पालक उपस्थित थे और उन्होंने कार्यक्रम को सराहा। स्वयंसेवकों ने संवादात्मक और प्रभावी शैली में संदेश प्रस्तुत किए, जिससे ग्रामीणों में इन महत्वपूर्ण मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ी।
