मयाली बनेगा ग्लोबल टूरिज्म डेस्टिनेशन, 10 करोड़ की पर्यटन विकास परियोजना का भूमिपूजन

Share This :

रायपुर, 05 फरवरी 2026। (नांदगाँव टाइम्स) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत जशपुर जिले के मयाली-बगीचा पर्यटन विकास परियोजना का मयाली नेचर कैंप में विधिवत भूमिपूजन किया। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से मयाली, विश्व प्रसिद्ध मधेश्वर पर्वत एवं बगीचा स्थित कैलाश गुफा क्षेत्र को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह परियोजना मयाली को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करेगी। परियोजना के तहत होम-स्टे, पर्यटक कॉटेज, रिसोर्ट, स्किल डेवलपमेंट सेंटर, कॉन्फ्रेंस हॉल, पाथवे, लैंडस्केपिंग, प्रवेश द्वार, आधुनिक टॉयलेट एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का निर्माण होगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा क्षेत्र की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और जनजातीय विरासत को नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने बताया कि मयाली को इको-टूरिज्म, धार्मिक एवं एडवेंचर टूरिज्म के समग्र केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यटन से होने वाली आय का सीधा लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचेगा। स्किल डेवलपमेंट सेंटर में टूर गाइड, होटल प्रबंधन, एडवेंचर स्पोर्ट्स एवं डिजिटल बुकिंग जैसे प्रशिक्षण भी दिए जाएंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, विभिन्न बोर्ड-निगमों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।