राजनांदगांव। महापौर मधुसूदन यादव ने नगर निगम के राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, राजस्व विभाग के प्रभारी सदस्य राजा माखीजा और लोककर्म विभाग के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा की उपस्थिति में विभागीय कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान महापौर ने आगामी वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक अधिक से अधिक वसूली करने के निर्देश दिए और नागरिकों से बकाया करों का भुगतान करने की अपील की।
महापौर ने कहा कि राजस्व विभाग नगर निगम की रीढ़ की हड्डी होता है। विभाग की वसूली पर ही निगम के कर्मचारियों के वेतन और अन्य प्रशासनिक खर्चों का भुगतान निर्भर करता है। उन्होंने कहा, कुल डिमांड के मुकाबले वसूली कम है और समय भी सीमित है। सभी कर्मचारी महीने के अंत तक पूरी मेहनत करके वसूली बढ़ाएं।
महापौर ने विभागीय अधिकारियों से बकाया जलकर व अन्य करों की वसूली की दिशा में अतिरिक्त प्रयास करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से नल कनेक्शन की जांच करने का निर्देश दिया, क्योंकि कई घरों में डबल कनेक्शन हैं, जबकि एक ही जलकर का भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा, भागीरथी और अमृत मिशन योजनांतर्गत लगे नल कनेक्शनों का भी सत्यापन कर वसूली सुनिश्चित करने को कहा। महापौर ने लंबित बकायेदारों का नल कनेक्शन काटने के निर्देश भी दिए।
साथ ही, दुकानों के प्रीमियम और अनुबंध न करने वालों के मामले में महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बकाया प्रीमियम की राशि वसूली जाए और जो दुकानदार अनुबंध नहीं कराए हैं, उनसे अनुबंध करवाकर किराया चालू किया जाए। हाट बाजार, चबूतरे और पौनी पसारी योजनाओं के अंतर्गत बने चबूतरे का आबंटन भी सही ढंग से करने को कहा।
महापौर श्री यादव ने राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी से कहा कि सभी वार्ड प्रभारी हर सोमवार को राजस्व विभाग में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर समस्त करों की वसूली सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही, अवकाश के दिनों में भी राजस्व कार्यालय खुले रखकर वसूली कार्य जारी रखने का निर्देश दिया।
महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने बकाया करों का भुगतान करके नगर निगम के विकास कार्यों में सहयोग करें और बकाया राशि पर लगाए जाने वाले अधिभार से बचें।
बैठक में राजस्व उप निरीक्षक और सहायक राजस्व निरीक्षक भी उपस्थित थे।
महापौर ने की राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक, अधिक वसूली के लिए दिए दिशा-निर्देश
